
Nagpur Crime:नागपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात! सौतेले बेटे पर रेप का आरोप, 4 महीने की गर्भवती हुई महिला तो खुला मामला
महाराष्ट्र के नागपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही सौतेले बेटे पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने कई बार उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए, जिसके बाद वह चार महीने की गर्भवती हो गई। मामला नागपुर के मानकापुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की उम्र 26 साल बताई जा रही है। महिला के अनुसार उसकी मुलाकात साल 2024 में विकास श्रीवास्तव नामक व्यक्ति से हुई थी, जो एक प्राइवेट बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि विकास ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसके करीबियां बढ़ाईं। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में दोनों ने मंदिर में जाकर शादी कर ली। शादी के बाद महिला की मुलाकात अक्षत से हुई, जो विकास की पहली पत्नी का 21 वर्षीय बेटा है और एक नामी कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र बताया जा रहा है।
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही परिवार में विवाद शुरू हो गए थे। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे और मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। इसी बीच नवंबर 2025 और फिर 10 अप्रैल 2026 को जब वह घर में अकेली थी, तब उसका सौतेला बेटा अक्षत उसके कमरे में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती की। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने अपने पति को पूरी घटना के बारे में बताया तो उसे इंसाफ मिलने के बजाय चुप रहने की सलाह दी गई। महिला के मुताबिक उसके पति ने कहा कि अगर यह मामला बाहर गया तो परिवार की बदनामी होगी और बेटे का भविष्य बर्बाद हो जाएगा। पति के इस रवैये से परेशान होकर महिला ने आखिरकार पुलिस का सहारा लेने का फैसला किया और मानकापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी अक्षत के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना सामने आने के बाद इलाके में भी काफी चर्चा है और लोग इस मामले को लेकर हैरानी जता रहे हैं।






