
Delhi Crime Encounter: रानी बाग में दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या, पुलिस मुठभेड़ में दोनों आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के रानी बाग इलाके में दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज मर्डर केस में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जिनके पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सुबह के समय रानी बाग थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया था। घायल युवक को उसके दोस्त तुरंत रोहिणी के बीएसए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि पीतमपुरा स्थित आशियाना अपार्टमेंट बस स्टैंड के पास राजू पर चाकू से कई वार किए गए थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह मीणा के नेतृत्व में मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि इस वारदात में शामिल आरोपी लाल बाबू उर्फ लालू और कुंदन, दोनों पीतमपुरा इलाके के रहने वाले हैं। सूचना मिलने पर एसीपी मुरारी लाल और एसएचओ प्रवीण कुमार की टीम ने रानी बाग के एक स्कूल के पास पार्क में घेराबंदी की, जहां आरोपी छिपे हुए थे।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए दोनों के पैर में गोली मार दी और मौके पर ही काबू कर लिया।
घायल आरोपियों को तुरंत भगवान महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।






