देश

Nashik Accident: नासिक में दिल दहला देने वाला हादसा, कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

Nashik Accident: नासिक में दिल दहला देने वाला हादसा, कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे कुएं में जा गिरी।

हादसा रात करीब 10 बजे डिंडोरी शहर के शिवाजी नगर इलाके में हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया। कार में सवार सभी लोग एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। तभी अचानक वाहन चालक का नियंत्रण खो गया और कार सीधे गहरे कुएं में जा गिरी। पानी भरे कुएं के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद मुश्किल हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक सभी एक ही परिवार के सदस्य थे, जो नासिक जिले के इंदौर गांव के दरगुडे परिवार से जुड़े थे। मृतकों में सुनील दत्तु दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और छह बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र 7 से 14 वर्ष के बीच थी। इस हादसे में पांच लड़कियां और एक लड़का भी शामिल है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार और सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए।

सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में वाहन से नियंत्रण खोना मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सड़क की स्थिति, वाहन की गति और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रशासन ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button