दिल्ली-एनसीआर

Delhi LPG Black Marketing: बवाना में गैस सिलेंडर रैकेट का भंडाफोड़, 75 सिलेंडर जब्त, एक गिरफ्तार

Delhi LPG Black Marketing: बवाना में गैस सिलेंडर रैकेट का भंडाफोड़, 75 सिलेंडर जब्त, एक गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में रसोई गैस की बढ़ती मांग के बीच एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस ने बवाना इलाके में कार्रवाई करते हुए 75 सिलेंडर जब्त किए हैं और इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 50 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है, जो लंबे समय से एलपीजी सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी में शामिल था। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि औद्योगिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सिलेंडरों का अवैध भंडारण और परिवहन किया जा रहा है।

सूचना के बाद पुलिस टीम ने बवाना के डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास पिकेट लगाकर जांच शुरू की। शाम करीब 4 बजे एक पिकअप ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 27 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए। इन सिलेंडरों में घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडर शामिल थे।

जब आरोपी से सिलेंडरों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई लाइसेंस, परमिट या स्टॉक रजिस्टर पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने खुलासा किया कि आसपास के इलाके में और भी सिलेंडर छिपाकर रखे गए हैं।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक फैक्टरी के पास दो कमरों और एक लोहे के शेड में छापेमारी की, जहां से 48 और सिलेंडर बरामद किए गए। इस तरह कुल 75 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए, जो बिना किसी सुरक्षा मानकों और कानूनी अनुमति के रखे गए थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का अवैध भंडारण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे बड़े हादसे का खतरा भी बना रहता है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे गैस सिलेंडर केवल अधिकृत एजेंसियों से ही खरीदें, ताकि इस तरह की कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button