देश

Vande Bharat Food Controversy: खराब खाने पर रेलवे का सख्त एक्शन, IRCTC समेत सर्विस प्रोवाइडर पर 60 लाख जुर्माना

Vande Bharat Food Controversy: खराब खाने पर रेलवे का सख्त एक्शन, IRCTC समेत सर्विस प्रोवाइडर पर 60 लाख जुर्माना

भारतीय रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों को खराब भोजन परोसे जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ने कुल 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, जिसमें Indian Railway Catering and Tourism Corporation पर 10 लाख रुपये और संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का भारी दंड शामिल है।

यह मामला 15 मार्च 2026 का है, जब ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस) में एक यात्री ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में खाने की गुणवत्ता बेहद खराब होने की बात कही गई थी, जिसे रेलवे ने तत्काल संज्ञान में लिया और जांच के आदेश दिए।

जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद रेलवे ने कड़ा रुख अपनाते हुए न केवल आर्थिक दंड लगाया, बल्कि संबंधित सर्विस प्रोवाइडर का कॉन्ट्रैक्ट भी समाप्त करने का निर्देश जारी कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

रेलवे ने इस मामले के बाद सभी संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। रेलवे का कहना है कि यात्री सुविधाएं उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

गौरतलब है कि Indian Railways अपने विस्तृत नेटवर्क के जरिए रोजाना लाखों यात्रियों को सेवाएं प्रदान करता है। Indian Railway Catering and Tourism Corporation के माध्यम से प्रतिदिन 15 लाख से अधिक यात्रियों को ट्रेन में भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा स्टेशनों पर फूड प्लाजा और रिटायरिंग रूम में भी खाने-पीने की सुविधाएं दी जाती हैं।

इस कार्रवाई को रेलवे की ओर से एक सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि यात्रियों की सेहत और सुविधा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button