
Delhi Bus Accident: करोल बाग में डबल डेकर बस पलटी, 2 की मौत, 23 घायल
दिल्ली। राजधानी के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा बस हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, जयपुर से फतेहपुरी और सदर बाजार, दिल्ली जा रही पर्यटक स्लीपर डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और करीब 23 यात्री घायल हुए।
बस में हादसे के समय लगभग 30 यात्री सवार थे। फायर डिपार्टमेंट को रात 1 बजकर 8 मिनट पर हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। बस में सवार यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया। घायल यात्रियों में से 12 को आरएमएल अस्पताल, 10 को गंगा राम अस्पताल और 1 को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के दृश्य से इसकी भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बस का फ्रंट शीशा चकनाचूर हो चुका था, साइड की खिड़कियां भी पूरी तरह टूट गईं, आगे का हिस्सा पिचक गया और पीछे की बॉडी भी क्षतिग्रस्त हुई। बस का पहिया बाहर निकल चुका था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हादसा कितना गंभीर था।
पुलिस ने बस ड्राइवर पंकज कुमार को हिरासत में ले लिया है, जिसका इलाज भी लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही करोल बाग के एसएचओ और लिंक पिकेट स्टाफ के कांस्टेबल रोहित, मोहित और सतीश मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए पास से गुजर रही जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया। आम लोगों की मदद से बस को सावधानीपूर्वक उठाकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया और बचाव अभियान शुरू हुआ।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही और सड़क की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। यह हादसा नवरात्रि के दौरान होने वाले यात्रियों के लिए एक चेतावनी भी है कि सुरक्षा नियमों का पालन करना कितना जरूरी है।






