देश

Punjab Minister Resigns: मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा, अधिकारी की आत्महत्या के बाद CM भगवंत मान ने की जांच के निर्देश

Punjab Minister Resigns: मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का इस्तीफा, अधिकारी की आत्महत्या के बाद CM भगवंत मान ने की जांच के निर्देश

चंडीगढ़ – पंजाब से एक अहम खबर सामने आई है। कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जो पंजाब राज्य वेयरहाउस निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा के आत्महत्या प्रयास के बाद आया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तुरंत इस्तीफा स्वीकार कर लिया और मामले की निष्पक्ष जांच कराने के आदेश दिए।

जानकारी के अनुसार अमृतसर में तैनात अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा ने शुक्रवार को जहरीली दवा खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर विभागीय दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए। इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, विभाग के पास गोदाम के लिए एक जगह देने का प्रस्ताव आया था। जांच में पता चला कि प्रस्तावित जगह के ऊपर उच्च वोल्टेज की बिजली की तारें गुजर रही थीं, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थीं। इस कारण विभाग ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया। बताया जा रहा है कि इस फैसले को लेकर अधिकारी पर दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि शुक्रवार को अमृतसर दौरे के दौरान मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने अधिकारी पर कथित रूप से निर्णय बदलने का दबाव डाला, जिससे मानसिक रूप से आहत होकर अधिकारी ने यह कदम उठाया।

हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संज्ञान लेते हुए मंत्री का इस्तीफा स्वीकार किया और मुख्य सचिव को मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या दबाव की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं।

यह घटना पंजाब में प्रशासनिक जवाबदेही और अधिकारियों के मानसिक स्वास्थ्य पर बहस को फिर से उजागर कर रही है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि शासन में किसी भी प्रकार की अनुचित दबाव नीति या लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button