
New York Plane Accident: ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा विमान की ट्रक से टक्कर, ATC ऑडियो में घबराहट
अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है, जहां Air Canada की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान एक ग्राउंड वाहन से टकरा गई। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए उड़ानों को रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 रीजनल जेट मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क पहुंचा था। लैंडिंग के बाद रनवे पर चलते समय विमान की टक्कर पोर्ट अथॉरिटी के एक वाहन से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि विमान और वाहन दोनों को भारी नुकसान हुआ।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। Federal Aviation Administration (FAA) ने एहतियात के तौर पर ला गार्डिया एयरपोर्ट पर आने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया और एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है।
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो और ऑडियो क्लिप सामने आए हैं, जिनमें एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) अधिकारियों की घबराहट साफ सुनाई दे रही है। एक ऑडियो में बार-बार “प्लीज रूको” जैसी चेतावनी सुनाई देती है, जिससे घटना के दौरान की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, विमान ने धीमी रफ्तार में चलते हुए वाहन को टक्कर मारी थी, लेकिन फिर भी टक्कर का असर काफी गंभीर रहा। हादसे के बाद विमान का अगला हिस्सा ऊपर उठा हुआ दिखाई दिया, जिससे नुकसान की गंभीरता साफ झलकती है।
फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर रनवे पर यह टक्कर कैसे हुई। शुरुआती तौर पर ग्राउंड कोऑर्डिनेशन में चूक की आशंका जताई जा रही है।






