
NDMC: NDMC कर्मचारियों को बड़ी सौगात, CM रेखा गुप्ता ने बांटे नियुक्ति पत्र और मेडिकल हेल्थ कार्ड
New Delhi Municipal Council द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र और संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड वितरित किए। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के एनडीसीसी कन्वेंशन सेंटर, जय सिंह रोड में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री Parvesh Sahib Singh, नई दिल्ली की सांसद Bansuri Swaraj, एनडीएमसी अध्यक्ष Keshav Chandra और उपाध्यक्ष Kuljeet Singh Chahal समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीएमसी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह कार्य करता है, जहां कर्मचारी और अधिकारी मिलकर देश की राजधानी की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ संवेदनशील और पारदर्शी शासन व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल के तहत 109 परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति के रूप में नई उम्मीद मिली है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर खुशी जताई कि चयनित अभ्यर्थियों में लगभग 90 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देने का प्रयास है।

इसके साथ ही एलएमएचएस योजना के तहत 878 संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड भी दिए गए। इस योजना के जरिए कर्मचारी और उनके परिवार एनडीएमसी से संबद्ध अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों में कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते चिकित्सा खर्च के दौर में यह योजना कर्मचारियों के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगी।
कार्यक्रम में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देना और संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इन कदमों से कर्मचारियों में भरोसा और सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
सांसद बांसुरी स्वराज ने इस पहल को बेहद मानवीय निर्णय बताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को एनडीएमसी ने संवेदनशीलता के साथ पूरा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के हितों के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने बताया कि परिषद ने वर्ष 2025-26 के दौरान कर्मचारियों के हित में कई बड़े फैसले लिए हैं। इनमें 954 पदोन्नतियां, 4357 कर्मचारियों को एमएसीपी लाभ, पेंशन मामलों का तेज निपटारा और नई भर्ती प्रक्रियाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी प्रशासनिक पारदर्शिता और कर्मचारी कल्याण को और मजबूत किया जाएगा।
समारोह के अंत में उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi के सतत विकास विजन को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहन और ऊर्जा संरक्षण जैसे उपाय अपनाने का आग्रह किया।






