
Delhi MCD House Ruckus: दिल्ली नगर निगम सदन में आप और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी झड़प, माइक तोड़ा और फेंकी चाय
दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर में गुरुवार को हुई विशेष सदन बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। सफाई व्यवस्था, वायु प्रदूषण और पार्षदों की विकास निधि पर चर्चा के बीच आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों में तीखी नोकझोंक हुई। विवाद बढ़ने पर कुछ सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गए और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। बैठक के दौरान माइक खींचने तथा नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दृश्य भी सामने आए हैं।
कांग्रेस पार्षद दल की नेता नाजिया दानिश ने सफाई और प्रदूषण के मुद्दे उठाते हुए सत्ता पक्ष की आलोचना की। इसके बाद आप के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग, पार्षद शगुफ्ता चौधरी और अन्य सदस्यों ने विरोध जताया। आरोप है कि कुछ पार्षद महापौर के आसन तक पहुंच गए और वहां लगा माइक हटाने का प्रयास किया। हंगामे के दौरान आसन के आसपास गर्म चाय फेंके जाने का आरोप भी लगा है। घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद पार्षदों के आचरण पर सवाल उठ रहे हैं।
विवाद का एक मुद्दा पार्षदों के लिए दो करोड़ रुपये की वार्षिक विकास निधि भी रही। सदन के नेता जय भगवान यादव ने कहा कि पहले की सरकारों में भी विकास कार्यों के लिए पार्षदों को निधि दी जाती थी और इसका विरोध राजनीतिक है। शोर-शराबे के बीच महापौर प्रवेश वाही ने एजेंडा पारित कराया और बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। महापौर ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या अनुशासन तोड़ने वाले सदस्यों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।






