
Delhi Gold Theft Arrest: ई-रिक्शा में महिला का बैग काटकर गहने उड़ाने वाली शातिर चोर गिरफ्तार, फरीदाबाद से 105 ग्राम सोना बरामद
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाने की पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला के बैग से सोने के गहने चोरी होने के मामले में 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर लगभग 105 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। घटना की शिकायत पूजा नामक महिला ने 14 अक्टूबर 2026 को ऑनलाइन ई-एफआईआर के माध्यम से दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि मयूर विहार फेज-2 से ई-रिक्शा में जाते समय किसी ने उनके हैंडबैग की चेन खोलकर पुश्तैनी गहने निकाल लिए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने यात्रा के रास्ते और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में एक महिला पीड़िता के नजदीक बैठी दिखाई दी, जिस पर पुलिस को संदेह हुआ। जांच में उसके मंडावली मेट्रो स्टेशन से फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह स्टेशन की ओर जाने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने फरीदाबाद में स्थानीय दुकानदारों, रिक्शा चालकों और निवासियों से पूछताछ कर उसकी पहचान करने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन के पास से वर्षा नामक महिला को पकड़ा गया। वह फरीदाबाद के नरहावली (पन्हेरा खुर्द) की रहने वाली बताई गई है। बरामद आभूषणों में 70 ग्राम की ब्रजमाला, 30 ग्राम का हार और पांच ग्राम के दो झुमके शामिल बताए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी का संबंध ई-रिक्शा या मेट्रो यात्रियों को निशाना बनाने वाली अन्य घटनाओं से भी है या नहीं।






