दिल्ली-एनसीआर

NDMC Swachhata Abhiyan: नई दिल्ली में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान, केंद्रीय मंत्रियों समेत जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

NDMC Swachhata Abhiyan: नई दिल्ली में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान, केंद्रीय मंत्रियों समेत जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

नई दिल्ली। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने 1 अक्टूबर को अपने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत व्यापक स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान में केंद्रीय मंत्रियों, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, दिल्ली सरकार के मंत्री, एनडीएमसी अध्यक्ष एवं सचिव, अधिकारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, स्थानीय निवासियों, सफाई सेवकों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एनडीएमसी क्षेत्र के स्कूलों, बाजारों, आवासीय इलाकों, सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों और संस्थागत परिसरों में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के साथ अभियान को सामुदायिक सहभागिता से जोड़ते हुए स्वच्छ और हरित नई दिल्ली के संदेश को आगे बढ़ाया गया।

NDMC Swachhata Abhiyan, Swachhata Hi Seva 2026, Kiran Rijiju, G Kishan Reddy, Pravesh Sahib Singh

गोल मार्केट के निकट पेशवा रोड स्थित नवयुग स्कूल में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय निवासियों ने भी स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री और विद्यार्थियों ने पौधे लगाए।

इस अवसर पर किरेन रिजिजू ने कहा कि ‘एक दिन-एक घंटा-एक साथ श्रमदान’ का संदेश सरल होने के साथ प्रभावशाली भी है। उन्होंने कहा कि आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए स्वच्छता, नागरिक भावना और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

NDMC Swachhata Abhiyan, Swachhata Hi Seva 2026, Kiran Rijiju, G Kishan Reddy, Pravesh Sahib Singh

चाणक्यपुरी स्थित यशवंत सिंह प्लेस में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कोयला मंत्रालय के सचिव केशव चंद्र और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ श्रमदान कार्यक्रम में भाग लिया। मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान जी. किशन रेड्डी ने एनडीएमसी के सफाई सेवकों से संवाद किया और रोजाना स्वच्छता बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना की।

वहीं, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पंडारा रोड स्थित जोधपुर मेस में एनडीएमसी की सबसे बड़ी सामुदायिक शौचालय सुविधा का उद्घाटन किया। एनडीएमसी के अनुसार, करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सुविधा को एनडीएमसी की उपलब्ध कराई गई भूमि पर एनबीसीसी के सीएसआर फंड के सहयोग से विकसित किया गया है।

नई सामुदायिक शौचालय सुविधा में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और स्वच्छता, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं रखरखाव से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि क्षेत्र के निवासियों से किया गया एक और वादा पूरा किया गया है और स्वच्छता को नागरिक सुविधा के साथ-साथ बुनियादी नागरिक अधिकार से जोड़कर देखा जाना चाहिए।

NDMC Swachhata Abhiyan, Swachhata Hi Seva 2026, Kiran Rijiju, G Kishan Reddy, Pravesh Sahib Singh

इससे पहले प्रवेश साहिब सिंह ने एनडीएमसी टीम और मंदिर ट्रस्टियों के साथ कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भी श्रमदान कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की और मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

पंचायती राज मंत्रालय और अन्य केंद्रीय विभागों ने भी एनडीएमसी के साथ स्वच्छता अभियान में भाग लिया। पंचायती राज मंत्रालय के सचिव के नेतृत्व में नई दिल्ली स्थित एम्पोरियम बिल्डिंग के सामने बाबा खड़क सिंह मार्ग पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मंत्रालय के अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों ने स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लिया।

एनडीएमसी के स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के सहयोग से चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक और पंडित उमा शंकर दीक्षित मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया। एनडीएमसी के अनुसार, इस अभियान में करीब 120 लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान पंडित उमा शंकर दीक्षित मार्ग, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 300 किलोग्राम कचरा और गाद हटाई गई।

एनडीएमसी क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी व्यापक स्तर पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाजारों, आवासीय क्षेत्रों, स्कूलों, कॉलेजों, संस्थागत परिसरों, अस्पतालों, डिस्पेंसरी, विद्युत सब-स्टेशनों और सरकारी कार्यालयों में सफाई अभियान चलाए गए। इनमें नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बाजार संगठनों, स्थानीय निवासियों और अधिकारियों की भागीदारी रही।

NDMC Swachhata Abhiyan, Swachhata Hi Seva 2026, Kiran Rijiju, G Kishan Reddy, Pravesh Sahib Singh

एनडीएमसी ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के माध्यम से सामुदायिक भागीदारी को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। परिषद का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित रखने के बजाय इसे दैनिक आदत और साझा नागरिक जिम्मेदारी के रूप में विकसित करना है, ताकि नई दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ, हरित और अधिक टिकाऊ क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।

 

Related Articles

Back to top button