दिल्ली-एनसीआर

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली को वर्ल्ड क्लास लुक देने की तैयारी में NDMC, 41 प्रमुख सड़कें 14 सर्किल में बांटीं; 24×7 होगी निगरानी

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली को वर्ल्ड क्लास लुक देने की तैयारी में NDMC, 41 प्रमुख सड़कें 14 सर्किल में बांटीं; 24×7 होगी निगरानी

एनडीएमसी ने सौंदर्यीकरण की रणनीति के तहत 41 प्रमुख सड़कों की पहचान कर उन्हें 14 सर्किल में विभाजित किया है। प्रत्येक सर्किल के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी अपनी फील्ड टीम के साथ प्रतिदिन इलाके का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी SOP के अनुसार सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति की जांच की जाएगी और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

नई दिल्ली को आकर्षक बनाने के लिए बड़े स्तर पर फूलों और लैंडस्केपिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। एनडीएमसी ने 15 स्थानों पर फ्लोरल बोर्ड और नौ स्थानों पर फ्लोरल फाउंटेन लगाने की योजना बनाई है। इसके अलावा 17 प्रमुख गोलचक्करों को विशेष रूप से सजाया जाएगा और वहां आकर्षक विद्युत रोशनी तथा लैंडस्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी।

एनडीएमसी ने कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों और उनके आसपास के क्षेत्रों को भी विशेष साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए चिन्हित किया है। हालांकि सुरक्षा कारणों से इन स्थानों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान साफ-सफाई पर विशेष जोर रहेगा। एनडीएमसी नौ से 14 सितंबर 2026 तक अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों के साथ विशेष नाइट ड्यूटी टीमों को तैनात करेगा। इस दौरान चौबीसों घंटे सफाई व्यवस्था बनाए रखने की योजना है।

सड़कों की गहन सफाई के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपर, गोबलर, पुश-बैक मैनुअल स्वीपर, राइड-ऑन स्वीपर और राइड-ऑन स्क्रबर जैसी मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत वाले स्थानों पर अस्थायी डस्टबिन और मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे। सड़कों और महत्वपूर्ण मार्गों से आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई भी अभियान का हिस्सा होगी।

एनडीएमसी होटल संचालकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन और अन्य हितधारकों के साथ भी समन्वय बनाए रखेगा। परिषद का प्रयास है कि केवल मुख्य सड़कों ही नहीं, बल्कि बाजारों और आवासीय इलाकों में भी साफ-सफाई और नागरिक अनुशासन दिखाई दे।

ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए एनडीएमसी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हरियाली बढ़ाने की भी तैयारी की गई है। इसके तहत लैंडस्केपिंग, मौसमी फूलों का रोपण, खाली और भूरे पैच को हरा-भरा करना, ग्रीन कॉरिडोर का रखरखाव और झाड़ियों की छंटाई की जाएगी।

प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सजावटी प्लांटर्स और फ्लोरल बोर्ड लगाए जाएंगे। महत्वपूर्ण आवागमन मार्गों को विशेष रूप से आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर रहेगा।

एनडीएमसी ने बुनियादी ढांचे से जुड़ी कमियों को दूर करने का काम भी प्राथमिकता पर रखा है। सड़कों पर गड्ढों और क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत की जाएगी। रेलिंग, रोड साइन और स्ट्रीट फर्नीचर को दुरुस्त किया जाएगा। मलबा हटाने और वर्षा जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान चिन्हित क्षेत्रों के सभी सार्वजनिक शौचालयों की विशेष जांच होगी। इन्हें साफ, कार्यशील और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रकाश व्यवस्था भी एनडीएमसी की तैयारियों का प्रमुख हिस्सा है। सभी महत्वपूर्ण सड़कों पर स्ट्रीट लाइटों की जांच की जाएगी और खराब लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा। चिन्हित स्थानों पर सजावटी रोशनी की जाएगी। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए बैकअप पावर की व्यवस्था भी रहेगी।

विद्युत या प्रकाश व्यवस्था से संबंधित किसी समस्या के तत्काल समाधान के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT भी तैनात की जाएंगी।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की ब्रांडिंग के लिए एनडीएमसी ने व्यापक प्रचार योजना तैयार की है। परिषद के मुताबिक, 154 डिजिटल स्क्रीन और करीब 83 सार्वजनिक शौचालय परिसरों पर BRICS से संबंधित ब्रांडिंग प्रदर्शित की जाएगी।

एनडीएमसी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से भी तैयारियों और नागरिक सुविधाओं की जानकारी साझा करेगा। प्रमुख गोलचक्करों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने की योजना है।

सम्मेलन के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अव्यवस्था के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की जाएगी। अवैध होर्डिंग हटाए जाएंगे और स्ट्रीट वेंडिंग को नियमानुसार व्यवस्थित किया जाएगा। विशेष रूप से वीआईपी मूवमेंट वाले मार्गों के आसपास निर्माण गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। चिन्हित स्थानों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा और मच्छर नियंत्रण सहित अन्य निवारक स्वास्थ्य उपायों को तेज किया जाएगा।

सितंबर में बारिश की संभावना को देखते हुए जलभराव से निपटने के लिए भी एनडीएमसी ने योजना बनाई है। नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर जमा सूखी पत्तियों और कचरे को नियमित रूप से हटाया जाएगा।

अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। जरूरत के अनुसार निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सुचारु यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिल्ली पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जाएगा।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से जुड़े अलग-अलग आयोजनों के लिए भी एनडीएमसी ने नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। इनमें BRICS Bazaar, BRICS Run & Ride, BRICS Murals & Painting और BRICS Food Festival जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

इन कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, सैनिटेशन, बागवानी, बिजली, बुनियादी ढांचे और दूसरी नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी संबंधित नोडल अधिकारियों को दी गई है।

पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए एनडीएमसी 24×7 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर संचालित करेगा। इसके जरिए विभिन्न नागरिक सेवाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। सीसीटीवी सर्विलांस, फील्ड रिपोर्ट और वरिष्ठ अधिकारियों के नियमित निरीक्षण के जरिए व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।

14 सर्किलों के नोडल अधिकारी प्रतिदिन अपनी टीम के साथ फील्ड में जाकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। निरीक्षण में कोई कमी सामने आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

एनडीएमसी विदेश मंत्रालय, जिला प्रशासन, दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार की संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है। एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठानों से भी सहयोग की अपील की है।

उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित कर इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान नई दिल्ली का सर्वोत्तम स्वरूप प्रस्तुत करने में योगदान दें।

एनडीएमसी का कहना है कि पूरी कार्ययोजना का लक्ष्य ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के साथ निवासियों, आगंतुकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को निर्बाध एवं उच्च गुणवत्ता वाली नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button