
Ravi Johri: बाल्मीकि बस्ती में धूमधाम से मनाया गया भाजपा नेता रवि जौहरी का जन्मदिन
राजधानी दिल्ली की गोल मार्किट स्थित बाल्मीकि बस्ती में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नई दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख बाल्मीकि समाज नेता रवि जौहरी का जन्मदिन बाल्मीकि समाज द्वारा बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। समारोह में बाल्मीकि समाज के अनेक छोटे-बड़े नेताओं, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने बताया कि रवि जौहरी ने बाल्मीकि समाज के हितों के लिए लंबे समय से सक्रिय रूप से कार्य किया है। उन्होंने समाज के लोगों को रोजगार दिलाने के प्रयास किए, दिल्ली में पैदल यात्राएं आयोजित कीं तथा समाज के अधिकारों की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन भी किया।
समाज के हितों के लिए आंदोलन करते हुए उन्हें कई बार पुलिस कार्रवाई का भी सामना करना पड़ा। लोगों ने यह भी बताया कि एनडीएमसी कर्मचारियों के डीए सहित विभिन्न मांगों तथा कर्मचारियों की नौकरी नियमित कराने के समर्थन में रवि जौहरी ने कई दिनों तक भूख हड़ताल भी की थी। जन्मदिन समारोह के अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, बाल्मीकि समाज के लोगों तथा एनडीएमसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रवि जौहरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उन्हें मालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह में हजारों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रवि जौहरी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उपस्थित लोगों ने यह भी इच्छा व्यक्त की कि आने वाले समय में रवि जौहरी नई दिल्ली से विधायक तथा एनडीएमसी के सदस्य के रूप में समाज का प्रतिनिधित्व करें। देखिये न्यूज चक्र की ये खास रिपोर्ट।






