
Pune Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया खुलासा, मंगेतर सिया ने शादी के नाम पर लिए 1 करोड़ रुपये; तीन साल बाद शादी की थी कथित साजिश
पुणे के 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस की जांच के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से रची थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि सिया ने शादी की खरीदारी और विवाह संबंधी तैयारियों के नाम पर केतन से करीब एक करोड़ रुपये लिए थे और बाद में यह पूरी रकम कथित तौर पर चेतन चौधरी को दे दी गई।
सोमवार को पुणे की अदालत ने इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी की पुलिस हिरासत 3 जुलाई तक बढ़ा दी। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े आर्थिक लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों तथा हत्या की योजना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया ने केतन को विश्वास में लेकर शादी की शॉपिंग, समारोह की तैयारियों और अन्य विवाह संबंधी खर्चों का हवाला देते हुए करीब एक करोड़ रुपये लिए थे। लेकिन जांच में सामने आया है कि इन पैसों का इस्तेमाल शादी की तैयारियों में नहीं किया गया। आरोप है कि पूरी राशि चेतन चौधरी को दे दी गई, ताकि वह अपना करियर बना सके और आर्थिक रूप से मजबूत हो सके। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह आर्थिक लेन-देन कथित हत्या की साजिश का महत्वपूर्ण हिस्सा था।
पुलिस के मुताबिक, चेतन आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था और उसने सिया से कहा था कि उसे आर्थिक रूप से स्थिर होने में लगभग तीन वर्ष लगेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों ने कथित तौर पर एक ऐसी योजना बनाई, जिसके तहत केतन की मौत के बाद सिया तुरंत शादी नहीं करेगी। आरोप है कि दोनों ने तय किया था कि सिया तीन साल तक अविवाहित रहेगी ताकि किसी को उनके रिश्ते पर संदेह न हो। इसके बाद जब मामला शांत हो जाएगा और चेतन आर्थिक रूप से सक्षम हो जाएगा, तब दोनों विवाह करेंगे।
जांच अधिकारियों का मानना है कि इस योजना का उद्देश्य हत्या और उनके संबंधों के बीच किसी भी संभावित कड़ी को छिपाना था। साथ ही, समय बीतने के बाद परिवार और समाज की स्वीकृति हासिल करना भी उनकी कथित योजना का हिस्सा था। पुलिस अब इस पूरे षड्यंत्र से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से जांच कर रही है।
जांच में हत्या की वारदात को अंजाम देने के तरीके को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन के बीच पहले से एक गुप्त संकेत तय किया गया था। आरोप है कि सिया को कहा गया था कि वह पानी पीने या जूते के फीते बांधने का बहाना बनाकर बैठ जाएगी। यही इशारा चेतन के लिए संकेत होगा कि केतन को चट्टान से धक्का देने का सही समय आ गया है।
जांचकर्ताओं का कहना है कि इस संकेत का एक और उद्देश्य यह था कि वारदात के समय सिया केतन से पर्याप्त दूरी पर रहे, ताकि यदि केतन गिरते समय किसी को पकड़ने की कोशिश करे तो वह सिया तक न पहुंच सके। पुलिस इस पूरी कथित साजिश से जुड़े सभी तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को एकत्र कर रही है।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां वित्तीय लेन-देन, मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अदालत में सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






