
Dr Shyama Prasad Mukherjee: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भाजपा मादीपुर मंडल ने अर्पित की श्रद्धांजलि
नई दिल्ली। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भाजपा मादीपुर मंडल कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रांत क्रीड़ा भारती के सह-प्रांत प्रचार प्रमुख अशोक कुमार ‘निर्भय’, भाजपा मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव, भाजपा नेता धर्मवीर ठगेला, मंडल कोषाध्यक्ष नवीन जी, शक्ति केंद्र प्रमुख श्रीमती शोभा जी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर देश में वैचारिक राजनीति को नई दिशा दी। जम्मू-कश्मीर में एक देश, एक विधान, एक निशान और एक प्रधान के सिद्धांत को लेकर उनके संघर्ष को देश आज भी सम्मान के साथ याद करता है।
अशोक कुमार ‘निर्भय’ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राष्ट्र चेतना के प्रतीक थे। देश की एकता और संप्रभुता के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को मजबूत करने में डॉ. मुखर्जी का योगदान अतुलनीय है।
मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार और आदर्श मार्गदर्शक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
भाजपा नेता धर्मवीर ठगेला ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। देश की एकता और अखंडता के लिए उनका बलिदान भारतीय इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।






