राजनीति

Tamil Nadu Cabinet Expansion: 59 साल बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की वापसी, विजय कैबिनेट में शामिल होंगे दो विधायक

Tamil Nadu Cabinet Expansion: 59 साल बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की वापसी, विजय कैबिनेट में शामिल होंगे दो विधायक

Tamil Nadu की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। करीब छह दशक बाद कांग्रेस एक बार फिर राज्य सरकार का हिस्सा बनने जा रही है। मुख्यमंत्री Vijay के नेतृत्व वाली सरकार के कैबिनेट विस्तार में कांग्रेस के दो विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। गुरुवार 21 मई को राजभवन में दोनों नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे।

कांग्रेस महासचिव K. C. Venugopal ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि 59 साल बाद तमिलनाडु की कैबिनेट में कांग्रेस की वापसी पार्टी के लिए ऐतिहासिक पल है।

कांग्रेस की ओर से एडवोकेट एस. राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन को मंत्री बनाया जा रहा है। राजेश कुमार कन्याकुमारी जिले की किल्लियूर सीट से विधायक हैं, जबकि पी. विश्वनाथन मदुरै जिले की मेलूर विधानसभा सीट से चुने गए हैं। दोनों नेताओं को मुख्यमंत्री विजय की सरकार में अहम जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने दोनों नेताओं के नामों को मंजूरी दी है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि दोनों विधायक जनता के हितों और विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार में मजबूती से उठाएंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री P. Chidambaram ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लंबे समय बाद सत्ता में भागीदारी मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

दरअसल हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने DMK गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले। विजय की पार्टी TVK बहुमत के बेहद करीब पहुंच गई, जिसके बाद कांग्रेस ने DMK से दूरी बनाकर विजय सरकार को समर्थन देने का फैसला किया।

राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस लंबे समय से तमिलनाडु में सत्ता में हिस्सेदारी चाहती थी, लेकिन M. K. Stalin के नेतृत्व वाली DMK गठबंधन सरकार में पावर शेयरिंग को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसी वजह से दोनों दलों के रिश्तों में खटास बढ़ती गई।

बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान भी कांग्रेस नेता Rahul Gandhi और स्टालिन कई मंचों पर साथ नजर नहीं आए थे। वहीं विजय ने अपनी पार्टी बनाने के बाद से ही सहयोगी दलों को सरकार में उचित भागीदारी देने का वादा किया था।

अब कांग्रेस के कैबिनेट में शामिल होने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में इसका असर राज्य की सत्ता और गठबंधन राजनीति पर साफ दिखाई दे सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button