दिल्ली-एनसीआर

Chaukhandi Village: चौखंडी गांव में जनगणना जागरूकता और रवींद्र जयंती कार्यक्रम ने जीता लोगों का दिल, SDM टीम ने दिया लाइव डेमो

Chaukhandi Village: चौखंडी गांव में जनगणना जागरूकता और रवींद्र जयंती कार्यक्रम ने जीता लोगों का दिल, SDM टीम ने दिया लाइव डेमो

दिल्ली के चौखंडी गांव में जनगणना जागरूकता अभियान और रवींद्र जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 200 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजौरी गार्डन एसडीएम कार्यालय द्वारा आश्रय और चौखंडी ग्राम सुधार समिति के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करना और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना था। “विकास भी, विरासत भी” विज़न पर आधारित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक, बीएलओ, शिक्षक, बच्चे और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीएम राजौरी गार्डन इति अग्रवाल (DANICS) रहीं। उनकी टीम ने कार्यक्रम के दौरान स्व-गणना प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया और लोगों को जनगणना में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। एसडीएम इति अग्रवाल ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की मजबूत नींव होती है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।

इस मौके पर एमसीडी पार्षद सुनील चड्ढा ने कहा कि समय पर और सही जनगणना भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं जनकपुरी के एसडीएम हरीश सैनी ने लोगों से अपील की कि वे जनगणना प्रक्रिया को गंभीरता से लें और इसे समय पर पूरा करने में प्रशासन का सहयोग करें।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का दिल जीत लिया। महान कवि और नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को श्रद्धांजलि देते हुए गुरिंदर कौर और राखी चक्रवर्ती ने रवींद्र संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम का संचालन आश्रय और चौखंडी ग्राम सुधार समिति के महासचिव ऋषि वशिष्ठ ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ से हुई और समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ किया गया।

इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे जागरूकता तथा सांस्कृतिक एकता का शानदार उदाहरण बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button