दिल्ली-एनसीआर

Delhi Fire News: लक्ष्मी नगर से रोहिणी तक देर रात आग का तांडव, कई मकान जले, लाखों का नुकसान

Delhi Fire News: लक्ष्मी नगर से रोहिणी तक देर रात आग का तांडव, कई मकान जले, लाखों का नुकसान

दिल्ली में शुक्रवार देर रात एक के बाद एक आग की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया, जहां अलग-अलग इलाकों में लगी आग ने भारी नुकसान पहुंचाया और लोगों में दहशत का माहौल बना दिया। पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग से लेकर पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी तक आग की इन घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे भयावह घटना पंजाबी बाग इलाके में सामने आई, जहां भीषण आग ने सैकड़ों झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गरीब परिवारों के आशियाने जलकर खाक हो गए। लोग रात के अंधेरे में जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

वहीं पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में ट्रांसफार्मर में लगी आग ने बड़ा रूप ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार आग की शुरुआत बिजली के ट्रांसफार्मर से हुई, जिसके बाद यह तेजी से तारों के जरिए आसपास की रिहायशी इमारतों तक फैल गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख लोग घबराकर घरों से बाहर निकलने लगे।

इस आग की चपेट में करीब एक दर्जन से ज्यादा फ्लैट आ गए और चार मकानों के अंदर रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। स्थानीय निवासियों ने दमकल विभाग, पुलिस और बिजली विभाग को तुरंत सूचना दी, लेकिन आरोप है कि दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हो गई, जिससे आग और भड़क गई।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

तीसरी बड़ी घटना रोहिणी सेक्टर-24 के पॉकेट-20 में सामने आई, जहां एक चार मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना की सूचना रात 8 बजकर 54 मिनट पर दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद तुरंत छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस दौरान इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

इन लगातार घटनाओं के बाद दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। आग की इन घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button