
East Delhi: पार्किंग विवाद में फायरिंग से युवक की मौत, प्रीत विहार में गुस्सा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पूर्वी दिल्ली। प्रीत विहार इलाके में पार्किंग विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में पीड़ित परिवार और आरडब्ल्यूए (RWA) पदाधिकारियों ने प्रीत विहार थाने पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस वारदात से पूरे क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।






