
Karnataka Crime: हुबली में जिम ट्रेनर के साथ मारपीट, दोस्ती को लेकर दो परिवारों में विवाद
कर्नाटक के हुबली में एक जिम ट्रेनर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। 23 वर्षीय समीर मुल्ला नाम के युवक को कथित तौर पर कुछ लोगों ने घर से उठाकर पीटा। फिलहाल समीर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कर्नाटक पुलिस के अनुसार, यह मामला दो परिवारों के बीच व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा है, जिसे कुछ लोग ‘लव जिहाद’ का रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर एन शशिकुमार ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से आपसी झगड़ा है और इसमें किसी प्रकार का सांप्रदायिक एंगल नहीं है।
घटना सुबह 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब कुछ लोग समीर के घर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। इसके बाद समीर को जबरन अपने साथ ले जाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। बाद में वह घायल अवस्था में पुलिस के पास पहुंचा।
जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ समीर और एक लड़की के बीच संबंध है। लड़की के परिजन समीर के घर उसे धमकाने पहुंचे थे, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया। हालात उस समय और बिगड़ गए जब समीर के परिवार के लोग भी लड़की के घर पहुंच गए।
समीर की बहन तसीम मुल्ला ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 7 बजे बड़ी संख्या में लोग उनके घर आए और समीर को जबरन उठा ले गए। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग उसे करीब दो घंटे तक ढूंढते रहे, जिसके बाद वह घायल हालत में मिला। परिवार का दावा है कि समीर और लड़की पिछले तीन साल से रिश्ते में थे और ‘लव जिहाद’ के आरोप पूरी तरह गलत हैं।
वहीं दूसरी ओर लड़की की मां राजेश्वरी ने समीर और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समीर उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और दोनों के बीच कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समीर का परिवार उनके घर पेट्रोल और हथियार लेकर पहुंचा था।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






