
Banda mobile theft: बांदा में प्रेमिका के लिए चोरी का अनोखा मामला, 10 लाख के मोबाइल बरामद
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की महंगे मोबाइल फोन की डिमांड पूरी करने के लिए मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी कर ली। आरोपी ने दुकान से 31 महंगे मोबाइल, दो ईयरबर्ड, नगदी और गुल्लक के सिक्के तक चुरा लिए। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 5 मार्च की रात शहर कोतवाली क्षेत्र की एक मोबाइल दुकान में हुई। दुकानदार के अनुसार वह होली के त्योहार के दौरान बाहर गया था, इसी बीच अज्ञात चोर ने दुकान में प्रवेश कर लाखों रुपये के मोबाइल फोन और अन्य सामान चुरा लिए। फुटेज में आरोपी दुकान के अंदर मोबाइल फोन बैग में भरते और आसपास जांच करते हुए नजर आया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे महंगे मोबाइल की डिमांड की थी। उसके पास पर्याप्त पैसे नहीं होने के कारण उसने चोरी की योजना बनाई। आरोपी ने नोटों और गुल्लक के सिक्कों तक की चोरी स्वीकार की।
एएसपी मेविस टोक ने बताया कि आरोपी के कब्जे से कुल 31 मोबाइल फोन (करीब 10 लाख रुपये कीमत), दो ईयरबर्ड, 20 हजार रुपये नगद और एक चेक बरामद किया गया। आरोपी को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






