
Delhi heatwave 2026: दिल्ली में गर्मी का कहर, 34.4 डिग्री के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन, AQI ‘मॉडरेट’
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री ज्यादा है और गुरुवार के 34.3 डिग्री के रिकॉर्ड को भी पार कर गया। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 171 दर्ज किया गया, जिसे ‘मॉडरेट’ श्रेणी में रखा गया है।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग में 17 डिग्री, लोधी रोड पर 16.3 डिग्री, रिज स्टेशन पर 17.8 डिग्री और आयानगर में 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार रिज स्टेशन पर सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर 34 डिग्री, पालम में 32.5 डिग्री और आयानगर में 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली और आसपास के राज्यों जैसे पंजाब में अगले 10 दिनों तक किसी बड़ी मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की वजह से सुबह और शाम के समय तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही हवा की गति में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, शहर का 24 घंटे का औसत AQI 172 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की SAMEER ऐप के अनुसार, शनिवार को हवा की गुणवत्ता ‘पुअर’ श्रेणी में जाने की संभावना है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली में अचानक बढ़ रही गर्मी और बढ़ते वाहन, धूल और औद्योगिक उत्सर्जन के कारण गर्मी के मौसम में हवा की गुणवत्ता पर असर पड़ता है। नागरिकों को सलाह दी जा रही है कि धूप में लंबा समय न बिताएं और पानी का पर्याप्त सेवन करें।






