क्राइमदिल्ली-एनसीआर

Delhi Crime: कश्मीरी गेट गोलीकांड में रोहित सोलंकी गिरफ्तार, रोहित गोदारा गैंग से जुड़े तार

Delhi Crime: कश्मीरी गेट गोलीकांड में रोहित सोलंकी गिरफ्तार, रोहित गोदारा गैंग से जुड़े तार

नई दिल्ली। दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। नॉर्थ जिले की पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का संबंध रोहित गोदारा गैंग से है।

मंगलवार को हुई इस सनसनीखेज वारदात में लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनके साथियों को निशाना बनाया गया था। 24 फरवरी को कश्मीरी गेट क्षेत्र में कुछ हमलावरों ने उनकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। कार में सवार पांच लोगों में से एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया था, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली पुलिस के नॉर्थ जिले के स्पेशल स्टाफ ने तकनीकी और खुफिया जांच के आधार पर रोहित सोलंकी को गिरफ्तार किया। सूत्रों के मुताबिक, गोलीकांड के तुरंत बाद आरोपी देश छोड़कर बैंकॉक भाग गया था। वहां से उसका दुबई जाने का प्लान था, लेकिन एयर टिकट न मिलने के कारण वह वापस भारत लौट आया। इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन की जानकारी मिली और उसे दिल्ली में दबोच लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित सोलंकी सीधे तौर पर रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हुआ है। रोहित गोदारा को लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है और वह विदेश में रहकर भारत में गैंग ऑपरेट करने के आरोपों में चर्चा में रहा है। अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि यह हमला गैंग के आपसी वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा था या फिर किसी अंदरूनी खींचतान का परिणाम।

घटना के समय वकील दीपक खत्री अपने चार साथियों के साथ कार में सवार थे और कहीं जा रहे थे। तभी बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए थे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की थी।

दिल्ली पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग की साजिश कहां रची गई और इसमें कितने लोग शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button