
Delhi Flower Festival: सेंट्रल पार्क कनॉट प्लेस में चार दिवसीय एनडीएमसी पुष्प महोत्सव का शुभारंभ
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद द्वारा सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस में चार दिवसीय एनडीएमसी पुष्प महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि चूँकि दिल्ली देश की राजधानी है, इसलिए इसे और सुंदर बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर नई दिल्ली का एक इलाका फूलों से खिल सकता है, तो पूरे शहर को भी हरा-भरा और रंगीन बनाया जा सकता है, बस इसके लिए मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिल्लीवासी ट्यूलिप देखने के लिए कश्मीर जाते थे, लेकिन अब एनडीएमसी हर वर्ष राजधानी में ही ट्यूलिप की बहार लेकर आ रही है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यह ट्यूलिप फेस्टिवल अब सेल्फी फेस्टिवल बन गया है, जहां लोग रंग-बिरंगे फूलों के बीच तस्वीरें लेकर आनंद ले रहे हैं। फाल्गुन के महीने में आयोजित यह पुष्प महोत्सव न केवल सुंदरता का प्रतीक है, बल्कि शहर को ताजगी और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
इस अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने कहा कि होली के आगमन के साथ नई दिल्ली को फूलों से सजाने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। बागवानी विभाग के कर्मचारी और अधिकारी अथक परिश्रम से यह सुनिश्चित करते हैं कि नई दिल्ली विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप हरी-भरी और आकर्षक बनी रहे।

पालिका परिषद के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि जी-20 समिट और एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से पहले नई दिल्ली की सुंदरता को निखारने में बागवानी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के विज़न के अनुरूप नई दिल्ली को अधिक हरित और सतत बनाने के लिए एनडीएमसी लगातार प्रयासरत है।
पुष्प महोत्सव में 18 सेक्शन में 15,500 से अधिक गमलों में 48 किस्मों के फूल प्रदर्शित किए गए हैं। डहलिया, पेटुनिया, पैंसी, साल्विया और मैरीगोल्ड जैसे मौसमी फूलों की रंगीन श्रृंखला लोगों को आकर्षित कर रही है। इसके अलावा फूलों से बने जानवरों और पक्षियों के आकार, ट्रे गार्डन, बड़े हैंगिंग बास्केट, टेरारियम, इकेबाना और ईस्टर्न-वेस्टर्न स्टाइल की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।
सेंट्रल पार्क में पिरामिड, हार्ट शेप, कोनिकल और सिलेंडर फ्लोरल स्ट्रक्चर के साथ आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। शाम के समय रंगीन रोशनी के साथ म्यूजिकल फाउंटेन भी दर्शकों को लुभाएगा। महोत्सव 3 से 6 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए निःशुल्क खुला है।
यहां आगंतुक नर्सरी पौधों, बोनसाई, हाइड्रोपोनिक्स, कैक्टस-सक्यूलेंट और हर्बल पौधों के स्टॉल भी देख सकते हैं। साथ ही बीज, गमले, फर्टिलाइजर और बागवानी सामग्री की खरीदारी का भी अवसर उपलब्ध है। एनडीएमसी ने लोगों से अपील की है कि वे बसंत ऋतु में इस पुष्प महोत्सव का आनंद लें और राजधानी को और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।






