दिल्ली-एनसीआर

Delhi Murder Case: उत्तमनगर हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई, 3 महिलाएं गिरफ्तार, कुल 14 आरोपी अब तक पकड़े गए

Delhi Murder Case: उत्तमनगर हत्या मामले में पुलिस कार्रवाई, 3 महिलाएं गिरफ्तार, कुल 14 आरोपी अब तक पकड़े गए

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तमनगर इलाके में होली के दौरान हुई हिंसा और हत्या मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई जारी है। इस मामले में पुलिस ने सायरा, शरीफ और सलमा नाम की तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार की गई महिलाएं घटना के बाद फरार थीं और कथित तौर पर ख्याला इलाके में छिपी हुई थीं।

जानकारी के अनुसार, सायरा वह महिला है, जिस पर होली के दिन गुब्बारा फेंके जाने का आरोप था। पुलिस का कहना है कि इसी घटना के बाद उसने अपने परिवार और समुदाय के लोगों को इकट्ठा किया, जिससे झगड़ा शुरू हुआ। इस झगड़े में 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक परेशानी तब शुरू हुई थी, जब तरुण के परिवार की 9 साल की लड़की ने गलती से छत से पानी का गुब्बारा फेंक दिया, जो सायरा पर जा लगा। तरुण के पिता मेमराज ने बताया कि माफी मांगने के बावजूद, सायरा ने अपने समुदाय के कई लोगों को बुला लिया। उन्होंने कहा, “जल्द ही, 15-20 लोग लाठी-डंडों के साथ आए और हम पर हमला करना शुरू कर दिया। हम घर के अंदर भागे, लेकिन उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।”

हादसे के समय तरुण होली खेलकर घर लौट रहा था और उसे इस झगड़े की जानकारी नहीं थी। जैसे ही वह घर के पास पहुंचा, हमला करने वाले समूह ने लोहे की रॉड और डंडों से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर मौत हो गई।

हिंसा और हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। हिंदू संगठनों ने इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया और संदिग्धों से जुड़े घरों में तोड़फोड़ और कथित आगजनी की घटनाएं भी हुईं। हालांकि, शनिवार को भारी पुलिस तैनाती के कारण हालात नॉर्मल हो गए।

पुलिस ने बताया कि मामले में अब भी जांच जारी है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की सामूहिक हिंसा और कानून के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button