देश

UPSC CSE Result 2025: अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर, 958 उम्मीदवार सफल

UPSC CSE Result 2025: अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर, 958 उम्मीदवार सफल

Union Public Service Commission ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर देशभर में टॉप किया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 958 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से सफल घोषित किया गया है, जबकि यह भर्ती प्रक्रिया कुल 1087 पदों के लिए आयोजित की गई थी।

रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इस साल की टॉपर सूची में दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम, तीसरे स्थान पर अकांश ढुल, चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर ने जगह बनाई है। इसके अलावा कई अन्य अभ्यर्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप रैंक हासिल की है।

आयोग के अनुसार चयनित उम्मीदवारों में विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थी शामिल हैं। कुल सफल उम्मीदवारों में 317 सामान्य वर्ग, 104 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 306 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 158 अनुसूचित जाति (SC) और 73 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से हैं। वहीं 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल प्रोविजनल रखी गई है और दो अभ्यर्थियों का परिणाम रोका गया है।

इस परीक्षा के इंटरव्यू चरण की प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी और 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुई। मुख्य परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर कुल 2,736 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। अंतिम मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की गई है। आयोग ने यह भी बताया है कि परिणाम जारी होने के करीब 15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों के विस्तृत अंक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) समेत कई केंद्रीय सेवाओं में नियुक्तियां की जाएंगी। कुल 1087 पदों में से 180 पद IAS, 150 पद IPS और 55 पद IFS के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा रेलवे, पोस्टल और अन्य ग्रुप-ए सेवाओं में भी चयन किया जाएगा।

गौरतलब है कि सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक माना जाता है। हर साल लाखों अभ्यर्थी IAS, IPS और IFS जैसे पदों पर चयनित होने का सपना लेकर इस परीक्षा में शामिल होते हैं। यह परीक्षा तीन चरणों — प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार — के माध्यम से आयोजित की जाती है और अंतिम मेरिट लिस्ट के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button