
UP Weather: यूपी में आंधी-बारिश और वज्रपात से तबाही, कई जिलों में मौतें और फसलों को भारी नुकसान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी है। तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो गईं, वहीं बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली गई।
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में वज्रपात की घटनाओं ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। पूर्वांचल में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र में भी बिजली गिरने से छात्र समेत चार लोगों की जान चली गई।
Varanasi में शुक्रवार दोपहर आंधी और बूंदाबांदी के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। सिंधोरा क्षेत्र के भदेवली गांव में पेड़ के नीचे खड़े 59 वर्षीय शिक्षक रमेशचंद्र भारती और उनकी पत्नी 55 वर्षीय चमेला देवी की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा जाठी गांव में विमला देवी, उनकी भतीजी सुनीता और मनीता समेत कई लोग झुलस गए। चारो ग्राम सभा में सरिता देवी और उनका बेटा आदित्य भी घायल हुए हैं।
Bhadohi के चौरी क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय प्राइस पाल की मौत हो गई। वहीं सोनभद्र, गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर, जौनपुर और चंदौली में आंधी और बूंदाबांदी से कई जगह नुकसान हुआ। आजमगढ़ में तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से महराजगंज-राजेसुल्तानपुर मार्ग बाधित हो गया। बलिया के सिकंदरपुर में पेड़ गिरने से बिजली तार टूट गए, जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बुंदेलखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। झांसी, हमीरपुर, महोबा और बांदा में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं, जबकि उरई में बारिश के साथ ओले भी गिरे। इससे किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है और अनुमान है कि फसलों को 30 से 40 प्रतिशत तक क्षति पहुंची है।
Chitrakoot के भरतकूप थाना क्षेत्र के पतौंडा गांव के मजरा रजौली पुरवा में सुबह बकरियां चराने गए चार बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इनमें विकास और करन की मौत हो गई, जबकि नीरज और सुमित को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया। वहीं रैपुरा क्षेत्र के कुई गांव में रजपतिया नाम की महिला की भी वज्रपात से मौत हो गई।
Lalitpur के बार थाना क्षेत्र में भी बिजली गिरने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है।






