देश

Rohini Murder Mystery: 4 लाख के कर्ज पर कत्ल, दो सगे भाई गिरफ्तार

Rohini Murder Mystery: 4 लाख के कर्ज पर कत्ल, दो सगे भाई गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के अमन विहार (रोहिणी) इलाके में 4 लाख रुपये के कर्ज को लेकर हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने कर्ज न चुका पाने पर 50 वर्षीय अजय कुमार की बेरहमी से हत्या कर शव को नजफगढ़ नाले में फेंक दिया था।

मृतक अजय कुमार, निवासी सेक्टर-20 रोहिणी, 19 फरवरी 2026 से लापता थे। आखिरी बार उन्हें प्रेम नगर इलाके में एक घर से अपनी मोटरसाइकिल पर निकलते हुए देखा गया था। 20 फरवरी को अमन विहार थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सुराग न मिलने पर 23-24 फरवरी की रात उनके भाई के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद ली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक अजय की मोटरसाइकिल को सुनसान जगह पर खड़ा करते दिखा। इसी आधार पर प्रेम नगर निवासी दो सगे भाइयों— सोनू और महबूब अली— को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अजय कुमार से 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 4 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम न चुका पाने के कारण विवाद बढ़ता गया। 19 फरवरी को जब अजय किश्त मांगने आरोपियों के घर पहुंचे, तो बहस हिंसक हो गई। आरोप है कि महबूब अली ने मीट काटने वाले चाकू से अजय पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों भाइयों ने सबूत मिटाने की कोशिश की और शव को नजफगढ़ नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button