
Rajasthan Accident: NH-48 पर तेल टैंकर पलटा, 200 मीटर तक आग फैली, 1 जिंदा जला
राजस्थान के जालोर जिले में नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे भयानक हादसा हुआ। बाड़मेर से सांचौर जा रहा एक तेल से भरा टैंकर सिंवाड़ा ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में भरे ज्वलनशील पदार्थ की वजह से हाईवे पर आग फैल गई और सड़क पर करीब 200 मीटर तक आग का दरिया बन गया। इस भीषण आग में टैंकर में सवार एक व्यक्ति सुखराम मेघवाल जिंदा जल गया, जबकि दूसरा व्यक्ति नरसीराम मेघवाल समय रहते बाहर निकलकर बच गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे का एक साइड ट्रैफिक रोक दिया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है।
सांचौर एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। चितलवाना थानाधिकारी भंवरलाल गुड़ियासर ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टैंकर में कौन सा ज्वलनशील पदार्थ भरा था। टैंकर का नंबर GJ-12-BZ-9820 था और यह भारत पेट्रोलियम कंपनी का था। मामले की जांच जारी है।






