
Pakistan ISI Espionage Racket: दिल्ली-हरियाणा में जासूसी मामले में 5 और गिरफ्तार
पाकिस्तान के इशारे पर काम कर रहे एक जासूसी रैकेट में दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये लोग पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर भारतीय सुरक्षा बलों के ठिकानों, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील इलाकों की रेकी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम गणेश, विवेक, दुर्गेश, गगन और नफर बताए गए हैं।
इस मामले में अब तक कुल 11 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि रैकेट का मास्टरमाइंड पाकिस्तान में बैठे नौशाद, समीर और सुहैल हैं। फिलहाल, नौशाद और अमीर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रेड जारी कर चुकी है।
पुलिस ने दिल्ली कैंट और सोनीपत रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV फुटेज बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि इन CCTV कैमरों की मॉनिटरिंग पाकिस्तान में बैठकर की जा रही थी। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे रेलवे और सुरक्षा बलों के ठिकानों की रेकी के वीडियो और GPS लोकेशन पाकिस्तान भेजते थे। GPS लोकेशन भेजने के लिए आरोपियों ने अपने मोबाइल में एक खास ऐप इंस्टॉल किया था, जिसके इस्तेमाल की ट्रेनिंग उन्हें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने दी थी।
पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अधिकारी यह भी बता रहे हैं कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।






