
Jammu Fuel Rumours: अफवाहों पर भड़के CM उमर अब्दुल्ला, बोले- मजबूर मत कीजिए, पेट्रोल पंप बंद कर दूंगा
जम्मू। पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर लोग अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगाना बंद नहीं करेंगे, तो सरकार कुछ समय के लिए पेट्रोल पंप बंद करने पर मजबूर हो सकती है।
जम्मू में इन दिनों पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे आम लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट किया गया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और कहीं भी राशनिंग या ईंधन के उपयोग पर कोई रोक नहीं लगाई गई है।
उन्होंने अफसोस जताया कि लोग सरकार की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने के बजाय सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को ज्यादा महत्व दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाहें न केवल बेवजह डर पैदा करती हैं, बल्कि सप्लाई सिस्टम पर भी दबाव डालती हैं।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति बनी रही तो सरकार को सख्त कदम उठाने पड़ सकते हैं।
सरकार का कहना है कि ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। ऐसे में लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।






