
New Delhi Chennai Express fire: नई दिल्ली-चेन्नई एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में आग, यात्रियों में हड़कंप
नई दिल्ली से चेन्नई जा रही ट्रेन नंबर 12616 के स्लीपर कोच में मंगलवार दोपहर नागपुर डिविजन के सिंधी और तुलजापुर स्टेशनों के बीच आग लग गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन चलते समय SLR कोच से धुआं उठते देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया और किसी को चोट नहीं आई।
रेलवे स्टाफ ने प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर आग फैलने से रोक दिया। स्थानीय फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और कोच में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर प्रारंभिक काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, रेलवे अधिकारी मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
सेंट्रल रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले ने बताया कि ट्रेन सुबह नागपुर से रवाना हुई थी और वर्धा के सिंधी स्टेशन की ओर जाते समय सुबह 11:09 बजे धुआं देखा गया। प्रभावित डिब्बे को तुरंत अलग कर दमकल कर्मियों को बुलाया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और ट्रेन प्रभावित डिब्बे को छोड़कर कुछ समय बाद आगे रवाना होगी।





