
Nalanda Stampede: शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल, प्रशासन पर उठे सवाल
बिहार के नालंदा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शीतला माता मंदिर में मंगलवार को भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को हुआ, जब मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, इस दिन मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं थी। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु जल्दी दर्शन करने की कोशिश में कतार तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पाने के कारण कई लोग दब गए। इस दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया। करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद मंदिर परिसर में पर्याप्त सुरक्षा और प्रबंधन नहीं था, जिससे यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा है कि इसी दिन नालंदा में एक बड़े कार्यक्रम के चलते प्रशासन का ध्यान दूसरी ओर केंद्रित था। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए जिले में मौजूद थीं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था का बड़ा हिस्सा उस कार्यक्रम में लगा होने के कारण मंदिर में पर्याप्त पुलिस बल नहीं तैनात किया गया।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों का इलाज जारी है। इस घटना ने एक बार फिर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर कर दिया है।






