
Maharashtra Accident: लातूर-तुलजापुर हाईवे पर BMW ट्रक से टकराई, 4 की मौत, 2 गंभीर घायल
महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। लातूर-तुलजापुर हाईवे पर देर रात तीन वाहनों के बीच भीषण टक्कर हुई, जिसमें तेज रफ्तार BMW कार ने ट्रक और कंटेनर को जोरदार टक्कर मारी। इस हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सांगली जिले की BMW कार काम से लातूर आई थी। काम खत्म करने के बाद कार में सवार लोग शिवली में खाना खाकर औसा की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान औसा के पास कार ने ट्रक और कंटेनर को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि लकड़ी से भरा ट्रक करीब सौ फीट दूर जाकर पलट गया। BMW कार पूरी तरह चकनाचूर होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर खून फैल गया और कार में सवार चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
यह पहला मामला नहीं है जब महाराष्ट्र में लग्जरी कारों के साथ इस तरह के हादसे हुए हों। पिछले सालों में पुणे और मुंबई में भी BMW, पोर्श और लैंबॉर्गिनी जैसी लग्जरी कारों के हादसे हुए हैं, जिनमें कई बार कार चालक नाबालिग पाए गए। विशेषज्ञों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी ऐसे हादसों का मुख्य कारण है।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना की वजह जानने और जिम्मेदार पक्षों की पहचान के लिए जांच जारी है। लातूर-तुलजापुर हाईवे पर यात्रियों और वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।






