
jind Crime: कुल्हाड़ी से दोनों पत्नियों पर हमला, एक की मौत, दूसरी गंभीर घायल
हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुरेश नाम के व्यक्ति ने घरेलू झगड़े के चलते अपनी दो पत्नियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी पहली पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को रोहतक PGI रेफर कर दिया है। आरोपी सुरेश घटना के बाद फरार है।
जानकारी के अनुसार, पहली पत्नी से बच्चा न होने पर आरोपी और पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। हाल ही में इस झगड़े के बाद आरोपी ने दूसरी शादी कर ली। जब पहली पत्नी ने जमीन में हिस्सा मांगा और नाराजगी जताई, तो उसने दोनों पत्नियों पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि पहली पत्नी की मौके पर मौत हो गई। बीच बचाव करने आई दूसरी पत्नी पर भी हमला किया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर है।
चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मामले के सभी साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं और आगे की कार्रवाई कर रही है।






