देश

Hapur Bus Accident: हापुड़ में भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, 10 यात्री घायल

Hapur Bus Accident: हापुड़ में भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, 10 यात्री घायल

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने यात्रियों में दहशत फैला दी। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में उपैड़ा फ्लाईओवर के पास पीलीभीत से दिल्ली जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब बस रोजाना की तरह अपने तय रूट पर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस बाबूगढ़ क्षेत्र में नए हाईवे पर पहुंची, चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और बस दिल्ली-मुरादाबाद लेन की ओर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार गूंज उठी।

इस हादसे में चालक मंगल सिंह (50), निवासी त्रिलोकपुर, खीरी की मौके पर ही मौत हो गई। बस में कुल 33 यात्री सवार थे, जिनमें से कंडेक्टर नकुल समेत 10 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।

पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उन्हें दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे के कारण दिल्ली-मुरादाबाद लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को सर्विस लेन से डायवर्ट किया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल कराया।

थाना प्रभारी के मुताबिक, मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शुरुआती जांच में चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी समेत अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button