देश

Ghaziabad Cow Slaughter Encounter : क्रॉसिंग रिपब्लिक में गौकशी गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार

Ghaziabad Cow Slaughter Encounter : क्रॉसिंग रिपब्लिक में गौकशी गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार

गाजियाबाद, 11 मार्च : गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और गौकशी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और गौकशी में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक 11 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 3 मार्च को इलाके में गौकशी की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है और किसी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास के पास तीन स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध होंडा सिटी कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने गाड़ी मोड़कर चिपियाना अंडरपास की ओर भागने की कोशिश की। आगे पुलिस बल की मौजूदगी देखकर बदमाशों ने कार को कच्चे रास्ते पर उतार दिया और वहां से भागने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक जब बदमाशों को लगा कि वे चारों तरफ से घिर चुके हैं तो उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल बदमाशों की पहचान मारूफ और अयान के रूप में हुई है।

वहीं पुलिस ने मौके से उनके तीन अन्य साथियों जोहिन, आलम और समीर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा, जिंदा कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाला उपकरण बरामद किया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले वेवसिटी क्षेत्र और थाना विजयनगर इलाके में भी गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब इन मामलों में भी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button