
Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने इंटरनेशनल हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 10 गिरफ्तार, हाई-एंड विदेशी हथियार जब्त
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए 10 प्रमुख ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह से पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े हथियारों की सप्लाई चेन का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 21 हाई-एंड विदेशी हथियार और 200 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में चेक गणराज्य निर्मित सब-मशीन गन, इटली की बेरेटा पिस्टल, जर्मनी की वाल्थर, PX-5.7 पिस्टल (जो केवल विशेष बलों द्वारा इस्तेमाल होती है), टुर्की की स्टोएगर, चीन की PX-3 और शैडो CZ शामिल हैं। ये सभी सेमी-ऑटोमैटिक हथियार थे, जिन्हें अवैध रूप से भारत में लाया गया था।
जांच में सामने आया कि हथियार पाकिस्तान से होकर नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे थे। इसके बाद यह गिरोह इन्हें दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात अपराधी गैंग्स और अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। गिरफ्तार आरोपियों का संचालन दिल्ली के वॉल सिटी इलाके से हो रहा था।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये हथियार किसी बड़ी आपराधिक वारदात या आतंकी गतिविधि में इस्तेमाल होने वाले थे या नहीं। अधिकारियों ने कहा कि यह छापेमारी अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी को रोकने और राजधानी में सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है।






