दिल्ली-एनसीआर

Delhi Encounter: शाहबाद डेयरी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 11 राउंड फायरिंग में दो घायल

Delhi Encounter: शाहबाद डेयरी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 11 राउंड फायरिंग में दो घायल

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में पुलिस और दो वांछित बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी एक चर्चित कारोबारी हत्या मामले में पिछले एक महीने से फरार चल रहे थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे के रूप में हुई है। दोनों पर बवाना में हुए एक कारोबारी मर्डर केस में शामिल होने का आरोप है और पुलिस काफी समय से उनकी तलाश कर रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को आरोपियों की मूवमेंट की सूचना मिली थी। इसके बाद आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। सोमवार देर रात जब पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस और बदमाशों के बीच कुछ ही सेकंड में करीब 11 राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैरों में लगी, जिससे वे घायल हो गए और मौके पर ही काबू कर लिए गए। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस हत्या के तार विदेश में बैठे गैंगस्टरों रणदीप मलिक और अनिल पंडित से जुड़े बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कारोबारी की हत्या के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जिम्मेदारी भी ली गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button