
Delhi Encounter: द्वारका में डबल एनकाउंटर, रातभर चली गोलियां; दो खूंखार अपराधी गिरफ्तार
राजधानी Delhi के द्वारका जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो खूंखार अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। डाबरी इलाके में हुई चाकूबाजी और हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने पूरी रात ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान दो अलग-अलग एनकाउंटर हुए और आरोपियों को दबोच लिया गया।
दरअसल, 29-30 मार्च की रात द्वारका के डाबरी क्षेत्र में महज 15 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग चाकूबाजी की घटनाएं हुई थीं। इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान द्वारका की स्पेशल स्टाफ और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। पहली मुठभेड़ द्वारका सेक्टर-17 के पास हुई, जहां वांछित अपराधी रोहित उर्फ ‘नोदा’ को घेर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घिरते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने नियंत्रित कार्रवाई की। इस दौरान रोहित के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। बावजूद इसके पुलिस टीम ने संयम बनाए रखते हुए आरोपी को जिंदा पकड़ लिया। उसके पास से 7.65 एमएम की पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, रोहित उर्फ नोदा 29 मार्च को हुई हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। उसने अपने साथी के साथ मिलकर धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया था। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक और आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक नेटवर्क को खंगालने का काम जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।






