दिल्ली-एनसीआर

Delhi Dehradun Expressway Accident: 7 वाहन भिड़े, LPG ट्रक की टक्कर से मची अफरातफरी

Delhi Dehradun Expressway Accident: 7 वाहन भिड़े, LPG ट्रक की टक्कर से मची अफरातफरी

Saharanpur के बिहारीगढ़ क्षेत्र में Delhi Dehradun Expressway पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार के चलते एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में कुल सात वाहन शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें पांच कारें और एलपीजी सिलेंडरों से भरा एक ट्रक भी शामिल है।

हादसा मोहंड रेंज के पास हुआ, जहां अचानक ब्रेक लगने और तेज रफ्तार के कारण पीछे आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कारों की भिड़ंत हुई और उसके बाद पीछे से आ रहा एलपीजी सिलेंडरों से भरा ट्रक भी अनियंत्रित होकर वाहनों से जा टकराया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई गाड़ियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं और दो कारें पूरी तरह पिचक गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। क्षतिग्रस्त वाहनों की हालत बेहद भयावह बताई जा रही है।

गनीमत यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रैफिक को नियंत्रित करने और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम जारी है, ताकि यातायात सुचारू किया जा सके।

यह हादसा ऐसे समय पर हुआ है, जब एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर तैयारियां चल रही हैं। 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री के दौरे और 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम से पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगने को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button