
Delhi Crime News: त्रिलोकपुरी में चाकूबाजी, 26 वर्षीय युवक घायल, हमलावर फरार
त्रिलोकपुरी इलाके में देर रात चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आपसी विवाद के चलते 26 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान हुज़ाफ के रूप में हुई है।
घटना ब्लॉक 27 स्थित हनुमान मंदिर के पास उस समय हुई जब हुज़ाफ कपड़े इस्त्री करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर उस पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में उसकी पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे AIIMS Delhi रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह हमला आपसी विवाद का परिणाम है। पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार हमलावरों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। इलाके में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।






