
Ayodhya Loot Case: बुर्का पहनकर ज्वेलरी लूटने वाली महिला गिरफ्तार, बॉयफ्रेंड संग रची साजिश
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दिनदहाड़े हुई ज्वेलरी लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में बुर्का पहनकर लूट करने वाली महिला की पहचान पायल (25) के रूप में हुई है, जो हिंदू है और अपने बॉयफ्रेंड राहुल (27) के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के कोठी बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। पायल बुर्का पहनकर दुकान में पहुंची और सोने का हार व चेन देखने के बहाने अंदर बैठ गई। मौका पाकर उसने 3.6 लाख रुपये कीमत के करीब 26 ग्राम सोने के गहने उठा लिए। जब दुकानदार ने रोकने की कोशिश की, तो पायल ने कमर से नकली पिस्टल निकालकर धमकी दी और वहां से फरार हो गई।
दुकान से निकलने के बाद वह कुछ दूरी पर खड़े अपने साथी राहुल के पास पहुंची, जो बाइक लेकर पहले से तैयार था। दोनों मौके से फरार हो गए। इस पूरी वारदात की तस्वीरें दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद बाइक का नंबर ट्रेस हुआ। इसी सुराग के आधार पर पुलिस पहले राहुल तक पहुंची और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में राहुल ने पायल का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि वारदात के लिए राहुल ने बाजार से खिलौना पिस्टल खरीदी थी, जबकि पायल ने पहचान छिपाने के लिए अपनी सहेली से बुर्का लिया था। दोनों ने मिलकर पूरी साजिश रची और ‘बंटी-बबली’ स्टाइल में इस लूट को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए गहने और नकली पिस्टल बरामद कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों अयोध्या से बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि पायल की शादी पिछले साल हुई थी और वह 4 महीने की गर्भवती है। वह इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए मायके आई हुई थी। परिवार के अनुसार, वह घर से ताबीज बनवाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला दी है और लोगों को चौंका दिया है कि कैसे योजनाबद्ध तरीके से इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






