
Delhi Crime: रोहिणी में बाइक टैक्सी चालक गिरफ्तार, महिला यात्री से छेड़छाड़ का आरोप
दिल्ली के रोहिणी इलाके में बाइक टैक्सी चालक द्वारा महिला यात्री के साथ कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है, जो दिल्ली के बादली गांव का रहने वाला है और पिछले करीब एक साल से एप आधारित बाइक टैक्सी चालक के रूप में काम कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 12 मार्च की है। उस दिन महिला ने मोबाइल एप के जरिए रोहिणी सेक्टर-15 से पीतमपुरा जाने के लिए बाइक टैक्सी बुक की थी। शुरुआत में सफर सामान्य तरीके से शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर बाद महिला को चालक के व्यवहार से असहज महसूस होने लगा। महिला के अनुसार वह बाइक के पीछे बैठकर यात्रा कर रही थी और जब बाइक रोहिणी सेक्टर-13 की डिवाइडिंग रोड के पास के.एन.के. मार्ग पर पहुंची, तभी चालक ने उसके साथ कथित तौर पर बदसलूकी करनी शुरू कर दी।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि यात्रा शुरू होने के कुछ ही सेकंड बाद चालक ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। जब उसने उससे धीरे चलाने को कहा तो उसने घमंड भरे अंदाज में जवाब दिया कि वह सिर्फ 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहा है और महिला चाहें तो खुद देख सकती है। इसके बाद आरोपी ने बाइक की स्पीड और बढ़ा दी और कई बार अचानक ब्रेक लगाए, जिससे महिला को तेज झटके लगते रहे और वह बार-बार उससे टकरा जाती थी।
महिला के अनुसार चालक ने रास्ते में कई गड्ढों पर भी बाइक तेजी से चलाई, जिससे उसे लगातार झटके लगते रहे। जब उसने चालक के व्यवहार पर आपत्ति जताई और ठीक से बाइक चलाने को कहा तो उसने उसे चुप रहने की धमकी दी और दावा किया कि उसे बाइक चलाना अच्छी तरह आता है। कुछ देर बाद आरोपी ने कथित तौर पर महिला को छूना शुरू कर दिया।
जब महिला ने इसका विरोध किया और उससे पूछा कि वह क्या कर रहा है, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि चालक ने रास्ते में मैप में दिखाए गए मार्ग से भी बाइक को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। जब उसने इसका कारण पूछा तो आरोपी ने उसे फिर से धमकाया और चुप रहने को कहा।
महिला के मुताबिक उसने चालक से कई बार बाइक रोकने को कहा, लेकिन वह तेज गति से बाइक चलाता रहा और गालियां देता रहा। आखिरकार महिला ने जोर से आवाज उठाई और कहा कि अगर उसने तुरंत बाइक नहीं रोकी तो वह चलती बाइक से कूद जाएगी। इसके बाद आरोपी ने बाइक रोकी और उसे पीतमपुरा के एफयू ब्लॉक के पास उतार दिया, लेकिन वहां भी वह उसे धमकाता रहा।
घटना के बाद महिला सीधे पुलिस के पास पहुंची और पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर के.एन.के. मार्ग थाने में 14 मार्च को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 79 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सचिन कक्षा 10 तक पढ़ा हुआ है और पिछले करीब एक साल से ऐप आधारित बाइक टैक्सी चालक के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस सत्यापन के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। वर्ष 2011 में समयपुर बादली थाने में उसके खिलाफ दहेज मृत्यु का मामला दर्ज हुआ था। फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






