क्राइमदिल्ली-एनसीआर

Delhi Crime: कृष्णा नगर में महिला से कंगन लूट, विरोध पर बदमाशों ने की फायरिंग, CCTV में कैद वारदात

Delhi Crime: कृष्णा नगर में महिला से कंगन लूट, विरोध पर बदमाशों ने की फायरिंग, CCTV में कैद वारदात

राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। लाल क्वार्टर विजय चौक के पास करीब सुबह 7:30 बजे चार बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके हाथ से सोने का कंगन लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग भी की, हालांकि गनीमत रही कि महिला को गोली नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला कनिका मेहता अपने बच्चों को स्कूल बस में बैठाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। जैसे ही बस आई और बच्चों को बैठाकर महिला अपनी स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगी, तभी अचानक हेलमेट पहने चार युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से सोने का कंगन छीनने की कोशिश की।

महिला ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने बंदूक की बट से उसके सिर पर वार किया और जबरदस्ती कंगन छीन लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार होने लगे। महिला ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान आरोपियों ने उसे डराने के लिए दो राउंड फायरिंग कर दी। सौभाग्य से महिला को कोई गोली नहीं लगी, लेकिन घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

इस पूरी वारदात की तस्वीरें आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है। घटना की सूचना मिलते ही थाना कृष्णा नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक सुबह करीब 7:30 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि एक महिला के साथ लूट की घटना हुई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस आसपास के CCTV फुटेज को खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर राजधानी में बढ़ती लूटपाट की घटनाओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button