
Delhi Crime Alert : नेब सराय में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश, CCTV के आधार पर आरोपी हिरासत में
नई दिल्ली, 11 मार्च : दक्षिण दिल्ली के नेब सराय इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और जबरन अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम नाबालिग लड़की अपने छोटे भाई को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और जबरन अपनी ओर खींचने की कोशिश की। आरोप है कि युवक ने लड़की के साथ छेड़छाड़ भी की और उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।
लड़की ने साहस दिखाते हुए आरोपी से खुद को छुड़ाया और वहां से भागकर सीधे अपने घर पहुंच गई। घर पहुंचकर उसने परिवार के लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद लड़की के दादा और पिता ने नेब सराय थाने में जाकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिवार का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। घटना की खबर फैलने के बाद सिख समुदाय के सैकड़ों लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
घटना के समय स्कूटी सवार युवक की गतिविधियां इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गईं। मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने लड़की के बयान दर्ज किए और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी युवक लड़की के पड़ोस में ही रहता है और उसके परिवार में जल्द ही शादी होने वाली है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई






