दिल्ली-एनसीआर

Delhi Bridge Collapse: नया रूप नगर में फुटओवर ब्रिज टूटा, नाले में गिरने से महिला की मौत

Delhi Bridge Collapse: नया रूप नगर में फुटओवर ब्रिज टूटा, नाले में गिरने से महिला की मौत

राजधानी दिल्ली के नया रूप नगर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नाले के ऊपर बना फुटओवर ब्रिज अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में एक महिला सीधे नाले में जा गिरी, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना सुबह करीब 11 बजे बचाव टीम को मिली। सूचना मिलते ही दिल्ली बोट क्लब की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद महिला को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी और मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बोट क्लब इंचार्ज हरीश कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि महिला फुटओवर ब्रिज के टूटने के कारण सीधे नाले में गिर गई थी। फिलहाल मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है, जिसकी पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फुटओवर ब्रिज लंबे समय से जर्जर हालत में था और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

वहीं, दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से मौत का केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पुल के रखरखाव की जिम्मेदारी किस विभाग के पास थी और किन अधिकारियों की इसमें भूमिका रही।

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि फुटओवर ब्रिज काफी समय से जर्जर स्थिति में था और उसकी मरम्मत नहीं कराई गई थी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button