
Bolivia plane crash: बोलीविया एयर फ़ोर्स का हरक्यूलिस C-130 विमान ला पाज़ के पास हाईवे पर क्रैश हुआ, 15 लोगों की मौत
बोलीविया में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। शुक्रवार (27 फरवरी) को राजधानी La Paz के पास स्थित एल अल्टो शहर में बोलीविया एयरफोर्स का हरक्यूलिस सी-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा शाम करीब 6 बजे (स्थानीय समय) हुआ। बताया जा रहा है कि विमान लैंडिंग या टेकऑफ के दौरान रनवे से फिसल गया और एयरपोर्ट की बाउंड्री तोड़ते हुए हाईवे पर जा गिरा। इसके बाद विमान सड़क पर खड़े कई वाहनों से टकरा गया, जिससे कई कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
दुर्घटनाग्रस्त विमान Bolivian Air Force का हरक्यूलिस सी-130 था, जो कथित तौर पर नए बैंक नोट देश के अन्य हिस्सों में पहुंचाने के मिशन पर था। हादसे के बाद सड़क पर नोट बिखरे होने की भी खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर दुर्घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें विमान के मलबे और क्षतिग्रस्त वाहनों को देखा जा सकता है।
हादसे के तुरंत बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल विमान में सवार लोगों की कुल संख्या और मृतकों की आधिकारिक पहचान को लेकर विस्तृत पुष्टि का इंतजार है।
घटना के बाद एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक खराब मौसम को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
यह हादसा बोलीविया के हालिया वर्षों के सबसे गंभीर विमान हादसों में से एक माना जा रहा है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।





