
Bihar Raid: मैरिज हॉल में छापा, आपत्तिजनक हालत में मिले 80 युवक-युवतियां, 31 नाबालिग शामिल
रोहतास जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दावथ थाना क्षेत्र के मालियाबाग स्थित एक मैरिज हॉल में छापेमारी के दौरान 80 लड़के-लड़कियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार के नेतृत्व में की गई। छापे के दौरान कुल 39 लड़के और 41 लड़कियां पकड़ी गईं, जिनमें 31 नाबालिग शामिल हैं। इनमें 18 लड़कियां और 13 लड़के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ दावथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि अलग-अलग धाराओं के तहत जांच की जा रही है। पकड़े गए अधिकांश युवक-युवतियां आसपास के ग्रामीण इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें कई स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर अभिभावकों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
कार्रवाई के बाद नाबालिग लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या अवैध गतिविधि तो नहीं जुड़ी है।
बताया जा रहा है कि यह छापेमारी मालियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल एंड होटल में की गई थी, जहां बड़ी संख्या में युवक-युवतियां एकत्र थे। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस को संदेह है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे और भी कई पहलू सामने आ सकते हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






